रामनगर (नैनीताल)। रामनगर में विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने पुरोला उत्तरकाशी में वर्ग विशेष के लोगों और व्यापारियों को पुरोला छोड़ने की धमकी पर चिंता व्यक्त की गई। इसे देश की संप्रभुता, एकता, अखंडता पर प्रहार बताते हुए लोगों से सद्भाव बनाने की अपील की। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन भेजा।
लखनपुर चुंगी में आयोजित सद्भाव सभा में उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी ने सभी धर्म, जाति, वर्गों के लोगों में सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीएम की ओर से दिए गए लैंड और लव जिहाद जैसे बयानों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ा है। उनके बयानों से प्रेरित होकर तथाकथित हिंदूवादी धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ताओं की ओर से एक धर्म विशेष के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।
इसके बाद एसएसआई के माध्यम से पुलिस महानिदेशक को भेजे ज्ञापन में उत्तरकाशी में विशेष समुदाय के लोगों को कानूनी संरक्षण देने, पलायन करने वालों को वापस बुलाने, माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस मौके पर रोहित रूहेला, सरस्वती जोशी, शीला शर्मा, किरन आर्य, इंद्रजीत सिंह, सुमित लोहनी, उबैदुल हक, लालमणि आदि मौजूद रहे।