रामनगर। स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध जारी है। बृहस्पतिवार को मोहल्ला शांतिकुंज गली नंबर पांच में पहुंची ठेकेदार की टीम को लोगों ने विरोध कर दिया। इस दौरान लोगों ने दो टूक कहा कि वह स्मार्ट मीटर नहीं लगाएंगे।
ऊर्जा निगम की ओर से नगर में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी शांतिकुंज गली नंबर पांच में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम को देखकर लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाने पर नाराजगी जतानी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि अधिक बिल और मीटर में गड़बड़ी के कारण वह स्मार्ट मीटर नहीं लगाएंगे। आरोप लगाया कि सरकार लोगों को परेशान कर रही है। जब लोग नहीं माने तो बिजली विभाग के एसडीओ डीएस निर्खु़पा मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से लोगों का ही फायदा है। उन्होंने कहा किसी तरह की समस्या का विभाग की ओर से समाधान किया जाएगा। स्मार्ट मीटर में ज्यादा बिल आने की भ्रांति फैलाई जा रही है। लोगों से विचार करने के बाद ही स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय लेने के लिए कहा।