नैनीताल। चेष्टा विकास कल्याण समिति ज्योलीकोट की ओर से नाबार्ड के सहयोग से आयोजित ग्रामीण भारत महोत्सव-2026 का आयोजन तीन से सात सितंबर तक शीशमहल, काठगोदाम में किया जाएगा। मंगलवार को महोत्सव की तैयारियों का जायजा नाबार्ड के डीडीएम मुकेश बेलवाल ने लिया।
डीडीएम बेलवाल ने बताया कि महोत्सव में 50 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इसमें उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से महिला उद्यमी और अन्य ग्रामीण उत्पादक अपने उत्पादों के साथ प्रतिभाग करेंगे। महिला उद्यमियों की सुविधा के लिए विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि उन्हें अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच मिल सके। चेष्टा विकास कल्याण समिति की अध्यक्ष सुमन अधिकारी ने बताया कि महोत्सव में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के पारंपरिक, हस्तशिल्प, स्थानीय और अन्य ग्रामीण उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। महोत्सव को केवल खरीदारी तक सीमित न रखते हुए लोगों के मनोरंजन और उद्यमियों के व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि पांचों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं और अन्य मनोरंजक गतिविधियां आयोजित होंगी। महोत्सव को सफल बनाने के लिए संस्था ने 10 से अधिक स्वयंसेवकों की टीम तैयार की है। स्वयंसेवकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। बैठक में मुकुल कुमार, कंचन बिष्ट, तुलसी शाह, नीतू आर्या, रिंकू मीना, मानसिंह, रीता सूर्या, डोली सूर्या समेत अन्य लोग मौजूद रहे।