हल्द्वानी। ऊर्जा निगम की टीम जब वार्डाें के भ्रमण पर पहुंची तो समस्याओं से रूबरू हुई। इस दौरान लोगों ने बिजली लाइनों को छू रहे पेड़ों की लापिंग, गलियों में आड़े आ रहे ट्रांसफार्मर व बिजली पोल हटाने जैसे मामले उठाए। विद्युत वितरण खंड ग्रामीण डिवीजन के अधिशासी अभियंता बेगराज सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने शुक्रवार सुबह वार्ड-39 लोहरियासाल मल्ला के नीलकंठ विहार, नव विहार कॉलोनी, मिश्रा कॉलोनी आदि का दौरा किया। लोगों ने बिजली बिल सही करने, चेक मीटर लगाने व बिल न मिलने जैसी आठ समस्याएं उठाईं। इस पर टीम पांच समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जबकि पोल हटाने की समस्या का निराकरण बाद में किया जाएगा। बाद में टीम ने वार्ड-60 गौजाजाली वार्ड का भ्रमण किया। यहां टीम ने पेड़ों की लापिंग व झूलते तारों को दुरुस्त किया। साथ ही सात नये पोल लगाने के लिए स्थान चिह्नित किए गए।