भीमताल (नैनीताल)। डीएम ललित मोहन रयाल ने नया शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले ही निजी विद्यालयों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्य शिक्षाधिकारी गोविंद जायसवाल ने बताया कि डीएम की ओर से फीस में वृद्धि, एनसीईआरटी किताबें लागू न करने और ड्रेस कोड से संबंधित शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी जारी की गई है।
सीईओ ने कहा कि अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन समिति से परामर्श किए बिना निजी विद्यालय शुल्क नहीं बढ़ा पाएंगे। फीस वृद्धि का लिखित औचित्य पिछले साल के रिकाॅर्ड के साथ सुरक्षित रखना, जांच लंबित रहने की स्थिति में डीएम और सीईओ फीस वृद्धि पर रोक लगा सकते हैं।
किसी विशेष दुकान, विक्रेता से यूनिफॉर्म खरीदने के लिए बाध्य करना प्रतिबंध रहेगा। यूनिफार्म का स्वरूप ऐसा हो जो बाजार में आसानी से मिल सके। बार-बार यूनिफार्म में परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
विद्यालयों में एनसीईआरटी, एसीईआरटी या शासन से अनुमन्य पाठ्यक्रम की पुस्तकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
किसी विशेष प्रकाशक, दुकान से किताबें खरीदने के लिए दबाव नहीं डाला जाएगा। काॅपियों में विद्यालय का लोगो नहीं लगाया जाएगा।