भले ही हम सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा देने का दावा करें, लेकिन हकीकत यह है कि बच्चों को देश के प्रधानमंत्री का नाम तक नहीं पता है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर बनियां में एडीएम उदयवीर सिंह राणा के निरीक्षण के दौरान यह कड़वा सच सामने आया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने कक्षा पांच के बच्चों से प्रधानमंत्री का नाम पूछा तो वे एक-दूसरे का मुंह ताकने लगे। यही नहीं, बच्चों को यह भी नहीं पता था कि रामनगर से कौन सी नदी निकलती है। एडीएम ने इस पर प्रधानाचार्य और शिक्षकों को भी कड़ी फटकार लगाई।
वहीं, शुक्रवार को एडीएम राणा ने गांव का भी दौरान किया। ग्रामीणों ने एडीएम से पेंशन के लंबित मामले का निपटारा, पुलिया, सड़क बनाने के साथ ही मनरेगा के तहत होने वाले विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने तहसील परिसर में उपकोषागार, हवालात, नाजरात कार्यालय, जनाधार केंद्र, विनियमित क्षेत्र कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इसमें उन्होंने रजिस्टरों के रिकार्ड, परिसर में गंदगी होने पर नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम एसएस जंगपांगी, तहसीलदार एनआर आर्या, कोषाधिकारी रीता शाह, रजिस्ट्रार कानूनगो नवीन चंद्र रजवार, रजिस्ट्रार रमेश आर्या, प्रशासनिक अधिकारी गोपाल सिंह अधिकारी आदि मौजूद थे।