रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के उत्तरी जसपुर रेंज स्थित तुमड़िया डैम में आने वाले पक्षी प्रेेमियों के लिए अच्छी खबर है। वन विभाग तुमड़िया डैम में बर्ड वॉचिंग के लिए विशेष स्थान बनाने जा रहा है। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जल्द ही डीपीआर तैयार कर निर्माण शुरू किया जाएगा।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) व उसे सटे वन प्रभागों में 600 से अधिक और तुमड़िया डैम में 300 से अधिक प्रजातियों के पक्षी मौजूद हैं। काफी संख्या में प्रवासी पक्षी भी यहां पहुंचते हैं। तराई पश्चिम वन प्रभाग के एसडीओ संदीप गिरी ने बताया कि तुमड़िया डैम में पक्षियों की अच्छी संख्या के चलते लोग बर्ड वॉचिंग के लिए आते हैं। ऐसे में बर्ड वॉचिंग पॉइंट बनाने की योजना बनाई है। इसी क्रम में उच्चाधिकारियों को पत्र भेजने की तैयारी है। अनुमति मिलने के बाद कितने पॉइंट बनाने हैं, इस पर स्थिति साफ होगी।