हल्द्वानी। वन विकास निगम अब भारत सरकार की पहल पर कुमाऊं की पांच और नदियों में खनन शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए वन निगम ने भारत सरकार को रिपोर्ट भेज दी है। वन विभाग की अनुमति मिलने के बाद अगले सत्र से इन नदियों में भी खनन कार्य शुरू होने के आसार हैं।
वन विकास निगम प्रत्येक वर्ष कुमाऊं में गौला, नंधौर, दाबका और शारदा नदी से खनन कर सरकार को अरबों रुपए का राजस्व देता है। अब भारत सरकार राजस्व बढ़ाने के लिए कोसी, दाबका-2, निहाल, बौर और भांखड़ा नदी में भी खनन कार्य शुरू करवाने की योजना पर कार्य कर रही है। कुछ समय पूर्व शासन स्तर पर इस संबंध में कई दौर की बैठकें होने के बाद भारत सरकार ने प्रदेश सरकार के माध्यम से वन विकास निगम से रिपोर्ट मांगी। वन विकास निगम ने कोसी, दाबका-2 और निकाल नदी के संबंध में भारत सरकार को रिपोर्ट भेज दी है। सप्ताह भर के भीतर वन निगम भाखड़ा और बौर नदी के संबंध में भी रिपोर्ट प्रेषित कर देगा। वन विकास निगम की रिपोर्ट के बाद अब इसमें वन विभाग को अपनी अनुमति देनी है।
वन विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. जीसी पंत ने कहा कि कुमाऊं की पांच और नदियों में खनन शुरू करवाने के संबंध में भारत सरकार द्वारा रिपोर्ट मांगी गई थी। जिसमें से कोसी, दाबका-2 और निहाल नदी की रिपोर्ट भेजी गई है। भांखड़ा और बौर नदी की रिपोर्ट भेजी जानी है। अब वन विभाग को इसमें अपनी सहमति देनी है।