नैनीताल। यदि सब कुछ ठीक ठाक रहा तो भविष्य में नैनीताल और इसके आसपास के लोगों को भी मैट्रो सिटी की तर्ज पर घर में पाइप लाइन के जरिये रसोई गैस मिलेगी। मंगलवार को हिंदुस्तान पैट्रोलियम कारपोरेशन की टीम ने प्लांट लगाने के लिए कई जगह जमीन देखी।
बता दें कि काफी समय से जिला प्रशासन और पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी नैनीताल में रसोई गैस पाइप लाइन बिछाने के प्रस्ताव पर काम कर रहे हैं। 30 सितंबर को कलेक्ट्रेट के प्रभारी अधिकारी ने ईओ को पत्र भेजकर एचपी कारपोरेशन को प्लांट लगाने के लिए भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
मंगलवार को दो सदस्यीय सर्वे टीम नैनीताल पहुंची। उन्होंने पालिकाध्यक्ष नेगी और ईओ अशोक कुमार से प्लांट लगाने के लिए भूमि उपलब्ध कराने को कहा। सर्वे टीम के सदस्यों ने पालिका के अधिकारियों को बताया कि पाइप लाइन बिछाने के बाद लोगों को नेचुरल गैस मिलेगी, जो एलपीजी से कहीं अधिक सुरक्षित है। इसके बाद पालिका की ओर से सर्वे टीम को नारायण नगर, दुर्गापुर, लकड़ी टाल आदि जगहों पर जमीन दिखाई गई।
पालिकाध्यक्ष नेगी ने बताया कि टीम को प्लांट लगाने के लिए सड़क के पास जगह चाहिए, जो दिखा दी है। बताया कि भूमि चयन होने के बाद इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू करा दिया जाएगा।