हल्द्वानी। वन विश्राम गृहों में ऑनलाइन आरक्षण की व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। इस संबंध में प्रमुख वन संरक्षक ने आदेश जारी करने के साथ व्यवस्था को लागू करने के लिए अधिकारियों के लक्ष्य भी तय कर दिए हैं।
राज्य में 250 वन विश्राम गृह हैं। इसमें कई प्रमुख स्थल पर होने के साथ अच्छी स्थिति में है। ऐसे में वन विभाग ने वन विश्राम गृहों में आम लोगों की पहुंच बढ़ाने और ठहरने के लिए कार्बेट पार्क की तर्ज पर ऑनलाइन आरक्षण की व्यवस्था को लागू करनेे का फैसला किया है। प्रमुख वन संरक्षक जयराज ने आदेश जारी किया है, इसमें पहले चरण में मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल को 75, मुख्य वन संरक्षक 50 और मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव को 20 वन विश्राम गृहों मेें एक महीने में व्यवस्था को लागू करने का लक्ष्य दिया गया है।
विभागीय कार्यों के लिए छोड़ना होगा एक कक्ष
हल्द्वानी। जिन विश्राम गृहों में आरक्षण की व्यवस्था होगी, वहां पर एक कक्ष विभागीय कार्यों के लिए छोड़ना होगा। साथ ही ऑनलाइन आरक्षण के लिए प्रभाग, रेंज का नाम, वन विश्राम भवन का स्थल, कुल उपलब्ध कक्षों की संख्या, दरें, जीपीएस लोकेशन, समीपस्थ प्रमुख टाउनशिप से सड़क की दूरी आदि का विवरण भी उपलब्ध कराना होगा। जो पत्र जारी किया गया है, उसमें आईसीआईसीआई बैंक के माध्यम से आनलाइन की व्यवस्था को निशुल्क लागू करने की बात कही गई है।