भीमताल। शिक्षा विभाग की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षा 16 जनवरी से कराए जाने के निर्देश खंड शिक्षाधिकारियों को दिए गए हैं।
जिला माध्यमिक शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा ने बताया कि पूर्व में जिले में मंगलवार से 21 दिसंबर तक प्री-बोर्ड परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन राजकीय माध्यमिक शिक्षक संघ नैनीताल की ओर से प्री-बोर्ड परीक्षा में संशोधन कराने की मांग की गई थी।
डीईओ ने बताया कि परीक्षा में संशोधन करते हुए अब शीतकालीन अवकाश वाले विद्यालयों में प्री-बोर्ड परीक्षा वर्ष 2025 के फरवरी के प्रथम सप्ताह में कराई जाएगी। वहीं, गीष्मकालीन अवकाश वाले विद्यालयों में प्री-बोर्ड परीक्षा 16 जनवरी के बाद कराई जाएगी। उन्होंने सभी बीईओ को परीक्षा कराने के लिए तैयारियां कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि प्री-बोर्ड के लिए सभी शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में स्वयं प्रश्नपत्र बनाएंगे और पिछले वर्षों में बोर्ड में पूछे गए प्रश्नों के आधार पर प्रश्न पत्र तैयार करेंगे।
उत्तराखंड बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध प्रश्नपत्रों का भी इसमें समावेश करेंगे। जिले में इस बार हाईस्कूल में 9827 परीक्षार्थियों में संस्थागत 9649, व्यक्तिगत 223 और इंटरमीडिएट में 9409 परीक्षार्थियों में संस्थागत 9001 और व्यक्तिगत 408 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।