हल्दूचौड़( नैनीताल)। युवाओं में खेल भावना के विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश के बच्चों की तीन दिवसीय टैग रग्बी प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन यूपी के प्रयागराज ने गोल्ड और लखनऊ की टीम ने सिल्वर मेडल जीता।
यहां हल्दूचौड़ स्थित पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज के प्रांगण में प्रधानाचार्य गनपत सिंह सैंगर एवं तकनीकी निदेशक डॉ. राजीव के मार्गदर्शन में प्रथम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रयाग राज की टीम ने गोल्ड मेडल एवं विजेता शील्ड अपने नाम की जबकि लखनऊ की टीम ने सिल्वर मेडल पर कब्जा कर रनर अप शील्ड प्राप्त की। प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर इलाहाबाद की मिश्रित टीम ने ब्रॉन्ज शील्ड लेने में सफलता प्राप्त की। प्रतियोगिता के अंतिम दिन उत्तराखंड राज्य के प्रतिभागियों के मैच होंगे। द्वितीय दिवस के समापन पर आयोजित सम्मान समारोह के दौरान राष्ट्रीय टीम के सदस्यों अभिजीत एवं तुलसी जॉर्ज सहित नेशनल टेक्निकल डायरेक्टर डॉ राजीव शर्मा ने उत्तर प्रदेश टैग रग्बी की महासचिव मीनाक्षी सनवाल, इवेंट कोआर्डिनेटर अनुराग सिंह, मीडिया कोआर्डिनेटर शशि, ललिता सिंह, सौम्या एवं व्यवस्थापक एनी मेश श्रीवास्तव, उत्तराखंड के टेक्निकल एक्सपर्ट देवेश गुणवंत, देवेन्द्र बिष्ट, राजेश पांडे एवं सचिव विदुषी सनवाल को सम्मानित किया। इस दौरान खिलाडियों राष्ट्रीय तकनीकी निदेशक डॉ राजीव शर्मा ने कहा कि टैग रग्बी खेल काफी ऊर्जा का खेल है, लेकिन इसमें खतरा काफी कम है।