एसडीएम कोर्ट के सामने सड़क पर हुए जानलेवा गड्ढे।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सड़कों के गड्ढे भरने के लिए 15 अक्तूबर तक की समयसीमा तय करने का शहर में असर दिखाई नहीं दे रहा है। वाहन चालकों और राहगीरों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। सड़कों के पूर्व में हुए टेंडरों पर भी अभी काम शुरू नहीं हो पाया है। करीब 60 किमी से अधिक सड़कों का डामरीकरण होना शेष है।
बरसात खत्म होने के बाद भी सड़कों पर चलना दुश्वार हो रहा है। नैनीताल रोड पर एसडीएम कोर्ट के सामने वर्कशॉप लाइन मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि यहां से अक्सर अधिकारियों के वाहन निकलते हैं, इसके बावजूद इनकी किसी ने सुध नहीं ली। सड़क पर गड्ढे इतने गहरे हो गए हैं कि पानी भरने पर उनकी गहराई का अंदाजा लगाना आसान नहीं रहता।
29 किमी सड़क के गड्ढे भरे
लोनिवि अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार डिविजन के अंतर्गत सड़कों के गड्ढे भरने के लिए 84 किमी पर पेचवर्क कराया जाना है। इसमें से 29 किमी के दायरे में गड्ढे भर दिए गए हैं। इनमें लामाचौड़ से कालाढूंगी तक जाने वाला स्टेट हाइवे, कुंवरपुर गौलापार से चोरगलिया तक की सड़क शामिल है।
जैसे-जैसे अन्य कार्यदायी संस्थाओं के विकास कार्य पूरे हो रहे हैं, उसी तरह खोदी गई सड़कों को बनाने की तैयारी की जा रही है। क्रम से सड़कों पर डामरीकरण किया जाएगा। सड़कों के गड्ढे तय समय में भरने के निर्देश एई और जेई को दिए गए हैं।
- प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि