किच्छा के डीडी चौक पर हलद्वानी जाने वाली बस के चालक को चेतावनी देते कोतवाल धीरेंद्र कुमार
- फोटो : KITCHHA
किच्छा। एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा की अध्यक्षता में दीपावली से पूर्व हुई बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार शनिवार को नगर की यातायात व्यवस्था को अमली जामा पहनाते हुए पुलिस ने रुद्रपुर-किच्छा के मध्य चलने वाले आटो का नगर में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया। नगर में आटो के प्रतिबंधित होने से नगर का मुख्य बाजार खुला खुला नजर आया।
दीपावली से पूर्व एसडीएम मिश्रा ने पुलिस टीम, नगर के ट्रांसपोर्टरों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके हल्द्वानी, खटीमा, शक्तिफार्म व रुद्रपुर की ओर जाने वाले प्राइवेट वाहनों के नगर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया था। इस निर्णय से नगर के मुख्य बाजार में आए दिन लगने वाले यातायात जाम से लोगों को निजात मिलने की उम्मीद जागी थी।
तय कार्यक्रम के अनुसार शनिवार से इन बसों, मैजिक व ऑटो के शनिवार को नगर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा रहा। नगर में इन वाहनों के न आने से मुख्य बाजार में जाम नहीं लगा। शनिवार सुबह से ही कोतवाल धीरेंद्र कुमार मय फोर्स के डीडी चौक पर तैनात रहे। उन्होंने प्राइवेट वाहन चालकों और संचालकों को चेतावनी दी कि नगर के मुख्य बाजार में प्रवेश करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आम जन मानस ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है। प्रशासन के इस प्रयास की लोगों ने सराहना की। संवाद