हल्द्वानी। जिले में सरकारी सस्ता गल्ला की दुकानों पर अक्तूबर का राशन मिलता रहेगा। 10 अक्तूबर तक ही खोले गए राशन वितरण संबंधी स्मार्ट पीडीएस पोर्टल बंद होने से सात फीसदी लोग राशन लेने से वंचित रह गए थे।
जिले में कुल 2.36 लाख राशनकार्ड धारक हैं। इनमें 9.60 लाख यूनिट पर हर माह खाद्यान्न वितरण किया जाता है। अक्तूबर के राशन वितरण की तिथि पहले ही तय कर दी गई थी लेकिन तय समय में राशन पूरी तरह वितरित नहीं हुआ। पोर्टल बंद होने से राशन की दुकानों में पोश मशीन नहीं चली। इस पर ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष रेवाधर बृजवासी ने खाद्य अपर आयुक्त पीएस पांगती से पोर्टल खुलवाने की मांग की। शासन ने राशन वितरण के लिए बृहस्पतिवार से पोर्टल खोल दिया है। फेडरेशन के शहर अध्यक्ष विशंभर कांडपाल ने कहा कि जिस महीने का राशन बांटना हो उस पूरे महीने पोर्टल खुला रहना चाहिए।