हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) को पीएम केयर फंड से मिले पोर्टेबल वेंटिलेटर कुछ ही दिनों में खराब हो गए। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने एक कंपनी के 28 वेंटिलेटरों को ठीक कराया है जबकि दूसरी कंपनी के 17 वेंटिलेटरों को टेक्नीशियन और इंजीनियर का इंतजार है।
पिछले वर्ष सितंबर में पीएम केयर फंड से एसटीएच को 45 पोर्टेबल वेंटिलेटर मिले थे। कुछ दिनों बाद 17 वेंटिलेटर और दिए गए। ये वेंटीलेटर कुछ समय बाद इंस्टॉल किए गए। पोर्टेबल वेंटिलेटर अलग-अलग वार्डों में लगाए गए जबकि कुछ के प्रयोग की जरूरत नहीं पड़ी। सितंबर 2020 के बाद कोरोना का ग्राफ गिरने लगा था। अप्रैल 2021 से कोरोना की दूसरी लहर से हड़कंप मच गया और केस दिन प्रतिदिन बढ़ते चले गए।
लगातार बढ़ रहे कोविड के मामलों को देखते हुए वेंटिलेटर समेत अन्य तैयारियां और तेज की गईं। कोविड के केस कम होने के बाद पिछले सप्ताह पीएम केयर फंड से आए 28 पोर्टेबल वेंटिलेटरों की मरम्मत कराई गई। 17 की मरम्मत होनी अभी शेष है। 17 वेंटिलेटर दूसरी कंपनी के हैं, इसलिए टेक्नीशियन और इंजीनियर को सूचना दी गई है।
वहीं, बागेश्वर जिले को भी पीएम केयर फंड से मिले दो वेंटिलेटरों के इंस्टॉलेशन में दिक्कत आ रही है। सीएमओ डॉ. बीडी जोशी ने टेक्नीनिशयन और इंजीनियर को बुलाया है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा का कहना है कि पीएम केयर फंड से आए पोर्टेबल वेंटिलेटरों में कुछ तकनीकी दिक्कत आ रही थी। कंपनी से टेक्नीशियन और इंजीनियर को बुलाकर लगभग 27-28 वेंटिलेटर ठीक करा दिए गए हैं। शेष जल्द ही ठीक करा दिए जाएंगे। दूसरी कंपनी के टेक्नीशियन और इंजीनियर को सूचना दी गई है। पोर्टेबल वेंटिलेटर अभी वारंटी में हैं। कई बार प्रयोग होते-होते भी कोई तकनीकी दिक्कत आ जाती है। अजीम प्रेम जी फाउंडेशन से मिले दो आरटीपीसीआर मशीनें अभी प्रयोग में नहीं लाई गईं हैं। उनको इंस्टॉल करने की प्रक्रिया चल रही है।
कुमाऊं की स्वास्थ्य निदेशक डॉ. शैलजा भट्ट का कहना है कि अल्मोड़ा में अभी वेंटिलेटर का प्रयोग नहीं हो रहा है। अन्य जिले अपनी आवश्यकता के अनुरूप वेंटिलेटरों का प्रयोग कर रहे हैं। पिथौरागढ़ में भी वेंटिलेटर कम ही प्रयोग हो रहे हैं। वेंटिलेटरों में अगर कोई तकनीकी दिक्कत आती है तो सीएमओ अपने स्तर से कंपनी के टेक्नीशियन और इंजीनियर को बुलाकर ठीक करा सकते हैं।
कुमाऊं में यह है वेंटिलेटर की स्थिति
= अल्मोड़ा में 44 वेंटिलेटर है और प्रयोग में एक भी नहीं।
= बागेश्वर में चार वेंटिलेटर प्रयोग में।
= ऊधमसिंह नगर में 62 वेंटिलेटर, 22 प्रयोग में।
= नैनीताल में 107 वेंटिलेटर, 67 प्रयोग में।
= चंपावत में 05 वेंटिलेटर कर रहे हैं काम।
= पिथौरागढ़ 40 वेंटिलेटर, 16 का प्रयोग
दो आरटीपीसीआर मशीनें मिलीं पर अभी तक नहीं हो रहा प्रयोग
हल्द्वानी। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से राजकीय मेडिकल कॉलेज को दो आरटीपीसीआर मशीनें मिलीं हैं। अभी तक इन मशीनों को प्रयोग में नहीं लाया गया है। अप्रैल और मई में लोगों को अपनी आरटीपीसीआर रिपोर्ट के लिए सात से दस दिन तक इंतजार करना पड़ा था। फाउंडेशन से मिलीं मशीनों का अगर मेडिकल कॉलेज समय पर प्रयोग शुरू कर देता तो लोगों को रिपोर्ट जल्द मिल जाती। साथ ही अधिक जांचें हो सकती थीं।