जब तब क्षेत्र के विकास के नाम पर वोट मांगने वाले राजनेताओं को अपने क्षेत्र की आर्थिक स्थिति पर भी गौर करना चाहिए। एनडी तिवारी, भगत सिंह कोश्यारी से लेकर हरीश रावत जैसे कद्दावर नेताआें की मौजूदगी के बाद भी कुमाऊं के पर्वतीय जिले आर्थिक विकास की दौड़ में पिछड़े हुए साबित हो रहे हैं। पिछले दस सालों में सबसे बुरे हाल तो चंपावत के रहे हैं । 2005 की तुलना में यह जिला पचास प्रतिशत विकास भी इन दस सालों में नहीं कर पाया है।
अर्थ एवं संख्या निदेशालय की ओर से जारी सकल घरेलू उत्पाद केआंकड़े बता रहे है कि भरपूर राजनीतिक नेतृत्व देने के बाद भी कुमाऊं के पर्वतीय जिलों में विकास की रफ्तार उत्तराखंड के मुकाबले बेहद कम है। 2004-05 की तुलना में इस समय तक प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद में करीब 64 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। इसका मतलब यह भी है प्रदेश की कुल कमाई अगर 2004-05 में सौ रुपये थी तो इस समय वह 164 रुपये है। इसकी तुलना में चंपावत में यह तुलनात्मक विकास कुल 48.82 प्रतिशत ही है। यह हाल सिर्फ चंपावत का ही नहीं है। कुमाऊं के अन्य जिलों के भी हाल यही हैं। नैनीताल और ऊधमसिंह नगर को छोड़ दिया जाए तो बाकी अन्य जिलों में विकास की रफ्तार पचास प्रतिशत के आसपास ही है। साफ है कि ये जिले विकास के मामले में उत्तराखंड केसाथ कदमताल नहीं कर पा रहे हैं।
यह तब है जब क्षेत्रीय प्रतिनिधियों की जुबान पर हमेशा अपने निर्वाचन क्षेत्र के विकास का मुद्दा रहता आया है। इतना ही नहीं, भगत सिंह कोश्यारी, एनडी तिवारी और हरीश रावत तीनों ही दिग्गज कुमाऊं से रहे हैं। इन दिग्गजों के रहते यही माना जाता रहा कि इनके निर्वाचन क्षेत्रों का अधिक से विकास होगा। भगत सिंह कोश्यारी का निर्वाचन क्षेत्र कपकोट रहा है। कपकोट बागेश्वर में है। बागेश्वर जिले का हाल यह है कि पिछले दस सालों में इस जिले में मात्र पचास प्रतिशत ही विकास हुआ है। हरीश रावत की कर्मभूमि अल्मोड़ा रही है और अल्मोड़ा ने 2005 की तुलना मेें इन दस सालों में मात्र 50.52 प्रतिशत विकास किया। सीएम हरीश रावत इस समय धारचूला से निर्वाचित हैं। धारचूला पिथौरागढ़ जिले में है। इस जिले का पिछले दस सालों में मात्र 52 प्रतिशत ही विकास हुआ है। नैनीताल जिला और ऊधमसिंह नगर न सिर्फ कुमाऊंबल्कि पूरे प्रदेश के आर्थिक विकास को अपने कंधे पर ढो रहा है।
जिले 2005 में जीडीपी वर्तमान में जीडीपी प्रतिशत बदलाव
नैनीताल 251385 686671 63.39
ऊधमसिंह नगर 369866 1372021 73.04
पिथौरागढ़ 109860 230889 52.41
बागेश्वर 50958 103539 50.78
चंपावत 54640 10678 48.82
अल्मोड़ा 155814 314961 50.52
उत्तराखंड 2478567 6792716 63.51