अब भीड़ भाड़ वाले बाजारों में सुबह-शाम पुलिस के जवान साइकिल से गश्त करेंगे। एसएसपी का कहना है कि इस व्यवस्था से पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य सही रहेगा और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। पुलिस की मदद करने के लिए पंजाबी जन कल्याण समिति ने एसएसपी को छह साइकिलें दी हैं।
एसएसपी सेंथिल अबुदई खुद साइकिल से सुबह सड़कों पर गश्त करते हैं। उन्होंने थाने में तैनात पुलिसकर्मियों को बाइक से साथ ही साइकिल से भी गश्त करने की सलाह दी थी। गश्त के लिए एसएसपी छह साइकिलें खरीदकर शहर के प्रत्येक थानों में बांट चुके हैं।
इसकी जानकारी मिलने पर पंजाबी जन कल्याण समिति के प्रदीप कक्कड़, सुभाष मोंगा, रमेश ने बुधवार को छह साइकिलें खरीदकर पुलिस बहुउद्देशीय भवन के सामने एसएसपी को सौंपी। एसएसपी ने कहा कि भीड़ के बीच साइकिल से चलना आसान होगा। साथ ही ईंधन की भी बचत होगी।
मासूम ध्रुव लोगों में जगाएगा ट्रैफिक सेंस
यातायात पुुलिस के कहने पर तो जनता में अब तक ट्रैफिक सेंस नहीं आया है। अब पांच साल का मासूम ध्रुव अपनी ओजस्वी आवाज के दम पर लोगों में ट्रैफिक सेंस जगाएगा। एसएसपी ध्रुव की वीडियो कैसेट सुनकर काफी प्रभावित हुए। मासूम बताएगा कि हेलमेट नहीं पहनने से किसी की भी जान जा सकती है। सड़कों पर अतिक्रमण करने से क्या नुकसान होगा। पंजाबी जनकल्याण समिति ने मासूम का वीडियो कैसेट एसएसपी को दिया। यातायात विभाग की तरफ से यह कैसेट चौराहों पर कंट्रोल रूम के माध्यम से बजाया जाएगा। ध्रुव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हूबहू आवाज में भी बोलता है।