रामनगर शहर में प्रतिबंधित मांस की बिक्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने लगभग एक कुंतल प्रतिबंधित मांस के साथ ही खाल और औजार समेत अन्य सामग्री बरामद की है। आरोपी मौका देखकर भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
पुलिस को बुधवार तड़के तीन बजे मुखबिर ने सूचना दी की कुछ लोग खताड़ी में प्रतिबंधित मांस की बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम स्लॉटर हाउस के पास स्थित एक गली में पहुंची। यहां भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस रखा गया था। पुलिस को आता देख आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटनास्थल से मिले खून के निशानों के आधार पर तीन अलग-अलग स्थानों से पुलिस ने लगभग एक कुंतल मांस मिला। मौके से तीन चाकू, एक चापड़, लोहे ही रेती समेत अन्य औजार मिले। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ उत्तराखंड गो संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पशु चिकित्सक की टीम ने लिए मांस के नमूने
घटना की सूचना के बाद मौके पर पशु चिकित्सकों की टीम पहुंची। इस दौरान टीम ने मांस के नमूने सुरक्षित कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस ने मांस को सील कर जब्त कर लिया है।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी कैमरे
शहर में इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मांस पकड़े जाने की घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा को खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मांस पकड़ा गया है। मांस के नमूनों को जांच के लिए भेज दिया है। प्रथमदृष्टया मांस प्रतिबंधित पशु का माना जा रहा है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-सुशील कुमार, कोतवाल, रामनगर
तमंचा व कारतूस सहित युवक गिरफ्तार
चोरगलिया पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गल्फार गेट जाने वाले मार्ग के पास से प्रिंस सिंह (23) निवासी देवपुर सनवाल थाना चोरगलिया, जिला नैनीताल को एक देसी तमंचा 315 बोर और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।