पुलिस महकमे में सराहनीय और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को गणतंत्र दिवस पर उत्कृष्ट सेवा पदक एवं उत्कृष्ट सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। पुलिस महानिदेशक बीएस सिद्धू ने सम्मानित होने वाले पुलिस कर्मियों की सूची जारी कर दी है।
सूची में 31वीं वाहिनी पीएसीए रुद्रपुर के सहायक सेनानायक वीरेंद्र सिंह रावत और 46वीं वाहिनी पीएससी रुद्रपुर के विशेष श्रेणी इशपाल सिंह को उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा। बागेश्वर जिले में तैनात उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह बिष्ट, हल्द्वानी अभिसूचना पुलिस अधीक्षक में तैनात उप निरीक्षक हरीश चंद्र भट्ट, 46वीं वाहिनी पीएसीए रुद्रपुर में तैनात हेड कांस्टेबल राम प्रसाद, हेड कांस्टेबल भगवान सिंह, मोहन सिंह राणा, कांस्टेबल महेंद्र प्रसाद सेमवाल, आईआरबी प्रथम रामनगर में तैनात हेड कांस्टेबल पूरन राम, सीआईडी रेंज कार्यालय में तैनात चालक हेड कांस्टेबल भीम सिंह डसीला को सराहनीय सेवा के लिए सेवा आधार पर सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा 31वीं वाहिनी पीएसीए रुद्रपुर के उप सेनानायक डा. जगदीश चंद्र को सराहनीय सेवा के लिए सम्मान दिया जाएगा। नैनीताल जिले के सर्विलांस प्रभारी किशन चंद्र शर्मा को विशिष्ट कार्य के लिए 10 हजार का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। पुलिस महानिदेशक सिद्धू के मुताबिक राजपत्रित अधिकारीगणों को छोड़कर बाकी सभी उत्कृष्ट सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह प्राप्त करने वाले प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को 5000 और 2000 हजार रुपए का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
आखिर डोभाल की सेवा को भूल गए अफसर
हल्द्वानी में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में सबसे बड़ा योगदान देने वाले मोहन सिंह डोभाल को अफसर भूल गए। मोहन सिंह डोभाल हर मौसम में सड़क पर इमानदारी से ड्यूटी निभाते हैं। उनकी ड्यूटी के लिए कोई घंटे निर्धारित नहीं हैं। उनकी मेहनत से ही शहर की यातायात व्यवस्थित संचालित होती है। शहर का आम आदमी ही नहीं बल्कि नेता और पुलिस के अफसर भी डोभाल की ड्यूटी के कायल हैं। इसके बाद भी सम्मानित होने वालों की लिस्ट में उनका नाम नहीं है।