नैनीताल। घर से भागकर एक दूसरे के जीवन साथी बने प्रेमी युगल का मामला जब पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने परिजनों की रजामंदी के बाद उनकी मौजूदगी में न केवल दोनों का विवाह कराया बल्कि एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर उन्हें घर के लिए रवाना कर दिया।
कोतवाल अशोक कुमार ने बताया कि नगर के अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले युवक और युवती के बीच पिछले कई सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार को दोनों अपने घर से भाग गए और उन्होंने एक मंदिर शादी कर ली। शनिवार की शाम उनके परिजन उनके घर से गायब होने शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने दोनों को उनके मोबाइल पर संपर्क कर कोतवाली बुलाया।
देर शाम प्रेमी युगल ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि वे बालिग हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से एक मंदिर में विवाह कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को कोतवाली बुलाया और समझा बुझाकर उनके सामने ही प्रेमी युगल से एक दूसरे के गले में माला डलवाई और मुंह मीठा कराया। इसके बाद दोनों प्रेमी लौट गए।