नैनीताल। नगर में पर्यटन सीजन के बीच यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस, यातायात पुलिस, सीपीयू और एसएसबी की तैनाती तो की गई है लेकिन दोपहिया वाहन चालक बेखौफ नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। शहर में जगह-जगह बिना हेलमेट बाइक चलाना, ट्रिपलिंग करना और गलत दिशा में वाहन दौड़ाना आम होता जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह सब पुलिस जवानों की मौजूदगी में हो रहा है।
बता दें कि एसएसपी के निर्देशन में रोजाना पुलिस यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करती है लेकिन इसके बावजूद मल्लीताल से तल्लीताल तक कई स्थानों पर स्थानीय लोग और पर्यटक खुलेआम यातायात नियमों का उल्लंघन करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिसकर्मी अधिकतर मामलों में अनदेखी करते नजर आते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब सड़कों पर हर जगह पुलिस बल तैनात है तो नियम तोड़ने वालों पर सख्ती क्यों नहीं दिख रही?
पर्यटन सीजन में बढ़ती भीड़ के बीच दोपहिया वाहनों की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। बिना हेलमेट चलने वाले वाहन चालक न केवल अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं बल्कि ट्रिपलिंग और गलत दिशा में वाहन चलाकर दूसरे लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहे हैं।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। -डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी