कालाढूंगी। कोटाबाग के स्यात स्थित एक रिजॉर्ट में पिछले दिनों हुए गोलीकांड के आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी की धरपकड़ के लिए कई टीमें जुटी हुई हैं। मामले में कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की गई है।
बता दें कि 13 नवंबर को एक रिजॉर्ट में जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में गोली चलने से एक व्यक्ति घायल हो गया था। घटना के अगले दिन कप्तानगंज कोटाबाग के मनोज रजवार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसके भाई विक्रम की पीठ पर पिस्टल से गोली मारी गई है, जिसका सुशीला तिवारी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। बहरहाल पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं। इधर थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि घायल की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उससे पूछताछ के बाद ही कुछ पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।