रामनगर। पुलिस ने खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और अस्पताल की छवि धूमिल करने के आरोप में प्राथमिक की दर्ज कर व्लॉगर बिरजू मयाल को गिरफ्तार किया है। संयुक्त चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. तपन शर्मा ने बताया कि नौ सितंबर को बिरजू मयाल अस्पताल पहुंचा। उसने अस्पताल में एक्स-रे न होने का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड की। अस्पताल में मौजूद कर्मचारी और चिकित्सकों के कार्य करने में भी बाधा उत्पन्न की।
इधर रामनगर की ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी ने भी व्लॉगर के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने सोमवार देर रात कोतवाली पहुंचकर समर्थकों के साथ धरना भी दिया था। ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी ने बताया कि आरोपी व्लॉगर ने उनकी पत्नी ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी की फोटो अपलोड कर उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी थी। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि सीएमएस की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर व्लॉगर को गिरफ्तार कर लिया है। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। ज्येष्ठ प्रमुख की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।