हल्द्वानी। 38वें नेशनल गेम्स में खिलाड़ियों ने मेडल जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया लेकिन इन्हीं खेलों के दौरान परोसे गए खाने की कालीमिर्च जांच की कसौटी पर हार गई। सातताल में खिलाड़ियों के लिए बनाए गए क्लाउड किचन से लिया गया मसाले का सैंपल जांच में फेल हो गया है।
राष्ट्रीय खेलों के दौरान सातताल में माउंटेन बाइकिंग (एमटीबी) स्पर्धा आयोजित हुई। इसमें देश भर के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इन खिलाड़ियों के नाश्ते के अलावा दोपहर और रात के खाने का जिम्मा कानपुर की एक होटल फर्म को सौंपा गया था। नौ फरवरी 2025 को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खिलाड़ियों के लिए सातताल में बनाए गए क्लाउड किचन से जांच के लिए कालीमिर्च का सैंपल लिए गए। इसे राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर में भेजा गया था।
खाद्य सुरक्षा विभाग के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि रुद्रपुर में हुई जांच में कालीमिर्च का सैंपल फेल हो गया है। अधिकारी का कहना है कि इस संबंध में कानपुर की फर्म भाटिया होटल्स प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी किया जा चुका है। संबंधित फर्म एक माह तक इसके खिलाफ अपील कर सकती है लेकिन अभी तक फर्म की ओर से कहीं भी सैंपल की दोबारा जांच के लिए अपील दायर नहीं की गई है।
-इनसेट
मामला सरकार से जुड़ा है तो हर कोई खामोश
38वें राष्ट्रीय खेलों का मामला सीधे प्रदेश सरकार से जुड़ा है। लिहाजा कालीमिर्च का सैंपल फेल होने के मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग का कोई भी अधिकारी न तो वर्जन देने को तैयार है और न ही मुंह खोलने को। इस संबंध में विभाग के कई अधिकारियों से पूछताछ की गई लेकिन हर कोई जवाब देने से बचता रहा।
-
38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान सातताल स्थित क्लाउड किचन से कालीमिर्च का सैंपल लिया गया था जो हमारी राज्य स्तरीय प्रयोगशाला में अधोमानक (फेल) पाया गया है। संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया गया है। यदि वह चाहे तो इस सैंपल की जांच सेंट्रल लैब में करा सकती है। यदि फर्म ऐसा नहीं करती तो फिर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - आरएस कठायत डिप्टी कमिश्नर खाद्य सुरक्षा विभाग कुमाऊं