बंगलूरू में हाल में आयोजित 22 वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में उत्तराखंड फारेस्ट की टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को खेल व वन मंत्री दिनेश अग्रवाल ने बधाई दी। एफटीआई में आयोजित कार्यक्रम में खेल मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि सभी का मान बढ़ाने वाली है। राज्य में खेल की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल महकमे ने कई प्रयास किये हैं।
पिथौरागढ़ में स्पोर्ट्स हास्टल तैयार किया जा रहा है। ज्ञात हो कि फारेस्ट विभाग की प्रतियोगिता में 38 विभिन्न राज्य, संस्थाओं की टीम ने प्रतिभाग किया था, जिसमें राज्य ने 242 अंक प्राप्त करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस दौरान सीसीएफ परमजीत सिंह, एसडीओ गोपाल सिंह कार्की, प्रकाश आर्य, ध्रुव सिंह मर्तोलिया आदि मौजूद थे।
प्रतियोगिता में गंगोत्री टोलिया ने टेनिस, बैडमिंटन में तीन स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। सुनीता बिष्ट, तारिक हमीद, किशन मेहता, प्रियंका, विनीता छिम्वाल, गोविंदी, नरेंद्र, सरला राना, भुवन बिष्ट पुष्पेंद्र राना ने भी गोल्ड मेडल प्राप्त किया। सहायक खेल निदेशक अख्तर अली को कार्यक्रम में देर से पहुंचना भारी पड़ गया। अख्तर अली तब पहुंचे जब कार्यक्रम समाप्ति की तरफ था।
इस पर वन एवं खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल ने सधे और नपेतुले शब्दों में देरी से पहुंचने पर उन्हें आड़े हाथ लिया। इसके अलावा स्टेडियम विस्तारीकरण में भूमि हस्तांतरण में देरी आदि के लिए भी सवाल किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही वह दुबारा आयेंगे और गौलापार में बन रहे स्टेडियम का दौरा करेंगे। उन्होंने वनाधिकारियों से भी भूमि हस्तांतरण में देरी का कारण पूछा और उसे दूर करने को कहा।