हल्द्वानी। राज्य स्तरीय ओपन ताइक्वांडो प्रतियोगिता के अंडर-35 किलोभार वर्ग में बागेश्वर के हिमांशु परिहार ने गोल्ड, नैनीताल के विवेक रावत ने रजत व इसी जिले के यशवर्धन ने कांस्य पदक जीता।
गौलापार के एक बैंक्वेट हॉल में सोमवार को प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्ग के मुकाबले खेले गए। अंडर-18 बालक वर्ग में नैनीताल के कियान जोशी, यहीं के आरव सिंह ने क्रमश: गोल्ड व सिल्वर पदक जीता। अंडर-21 में बागेश्वर के धैर्य बनकोटी व अंडर-23 में जिले के राॅबिन कार्की ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। बालिका वर्ग के अंडर-16 में नैनीताल की दक्षिता ने गोल्ड और तीशा ने रजत पदक जीता। अंडर-20 में अल्मोड़ा की रिया कैड़ा व देहरादून की तरुना ने क्रमश: गोल्ड व रजत पदक जीता। अंडर-22 में बागेश्वर की ज्योतिका ने गोल्ड व अल्मोड़ा की महिमा ने सिलवर मेडल अपने नाम किया। मुख्य निर्णायक की भूमिका शशिकांत शर्मा, ज्योति दुर्गा पाल, ललित नेगी, मनोज रावत व आशित ठाकुर ने निभाई। इस मौके पर आयोजक सचिव शुभम डसीला व ताइक्वांडो एसोसिएशन के जिला सचिव सुनील थापा आदि मौजूद रहे।