नैनीताल। डीएसबी परिसर के कृष्णापुर स्थित कृषि विभाग में रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए बनाया गड्ढा परिसर प्रशासन और विद्यार्थियों की परेशानी का सबब बना हुआ है। लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व खोदे गए गड्ढे में न हार्वेस्टिंग की पहल हुई और न ही गड्ढे को भरा गया। ऐसे में यहां कभी भी हादसा होने की संभावना बनी हुई है।
नगर पालिका की ओर से वर्ष 2022 में अगस्त-सितंबर के दौरान डीएसबी के कृष्णापुर स्थित कृषि विभाग में रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए खोदाई की गई थी। यहां लगभग पांच से छह फीट गहरा और दस फीट व्यास का गड्ढा तैयार किया गया था लेकिन इसके बाद गड्ढे को बेहतर बनाने और बारिश के पानी को छत से गड्ढे तक पहुंचाने का कार्य नहीं हुआ। इससे परिसर के आगे बना गड्ढा खतरे का सबब बना हुआ है। विभागाध्यक्ष प्रो. जीतराम ने पालिका से रेन वाटर हार्वेस्टिंग बनाने और गड्ढे को भरने की मांग ही है। पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रशिक्षु आईएएस राहुल आनंद का कहना है कि शीघ्र ही क्षेत्र का निरीक्षण कर समस्या का निस्तारण किया जाएगा।