भीमताल। नौकुचियाताल क्षेत्र में रविवार की शाम चार बजे एक पैराशूट हवा के विपरीत चलने से लैडिंग करते समय अनियंत्रित होकर गिर गया। इसमें पायलट घायल हो गया जबकि सैलानी बाल बाल बच गया। घायल पायलट को पैराग्लाइडिंग संचालक इलाज के लिए हल्द्वानी ले गए, जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। घटना की जानकारी पुलिस और पर्यटन विभाग के पास नहीं है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार शाम नौकुचियाताल क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग करते समय एक पैराशूट हवा के विपरीत चलने से हादसा हुआ। पायलट के पैर में चोट आई है। बता दें कि अभी एक सप्ताह पूर्व ही पैराग्लाइडिंग को दोबारा देहरादून से आई टेक्निकल टीम ने पैराग्लाइडिंग संचालकों के उपकरणों की जांच के बाद अनुमति दी थी। रविवार को घटना के बाद पैराग्लाइडिंग संचालक फिर परेशान है। पूर्व में पैराग्लाइडिंग में हुए हादसों में कई सैलानी और पायलट घायल हो चुके हैं। (संवाद)