जिला महिला हॉकी संघ के द्वारा लालकुआं सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल के सहयोग से डीएसए मैदान में शुक्रवार से 28वीं अखिल भारतीय चंद्रावती तिवारी स्मृति फाइव-ए-साइड महिला हॉकी प्रतियोगिता शुरू हो गई है।
प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न शहरों की 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पीलीभीत को हराकर नैनीताल ने उद्घाटन मुकाबला जीता।
डीएसए मैदान में प्रतियोगिता का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि पूर्व दर्जा मंत्री शांति मेहरा और विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
उद्घाटन मैच में नैनीताल डीएसए और पीलीभीत की टीमें आमने सामने थी। मध्यांतर से ही नैनीताल 1-0 से बढ़त बनाए थी। टीम के लिए चार गोल गीता ढैला और एक गोल पूनम ने किया। निर्णायक मंजुल प्रकाश सनवाल, मोहित रावत और तकनीकी समिति में आशु बोरा, सुदर्शन लाल साह थे।
इससे पूर्व आयोजक सचिव गंगा प्रसाद साह ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर जगदीश चंद्र बवाड़ी, भुवनेश सिंह बिष्ट, अशोक कुमार, भीम सिंह कार्की, अजय बिष्ट, मनोज साह आदि थे। संचालन प्रो. ललित तिवारी ने किया।