रामनगर। रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में फिजिशियन डॉ. चेतन ततराड़ी ने कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने ओपीडी में मरीजों की जांच कर उन्हें दवाइयां भी लिखी। इससे मरीजों को काफी राहत मिली है।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. तपन शर्मा ने बताया कि पहले चिकित्सालय में फिजिशियन नहीं होने के कारण मरीजों को उपचार के लिए हल्द्वानी या अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था। अब विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती से रामनगर के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को उपचार की सुविधा मिलेगी।
बीडी पांडे अस्पताल में उमड़ी भीड़, 458 की रही ओपीडी
नैनीताल। साप्ताहिक अवकाश के बाद सोमवार को बीडी पांडे अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ओपीडी, पर्ची काउंटर और दवा वितरण केंद्र पर मरीजों व तीमारदारों को लंबी कतारों में लगकर इंतजार करना पड़ा। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सोमवार को कुल 458 मरीजों ने उपचार कराया। पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने बताया कि सोमवार को अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ जाती है। वहीं वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. दुग्ताल ने बताया कि ठंड के चलते इन दिनों बुखार, सर्दी-जुकाम के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। उन्होंने लोगों को ठंड से बचाव करने, गुनगुना पानी पीने और सुबह-शाम अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी।