एक क्लिक में अपने भविष्य निधि खाते की अपडेट जानकारी चाहिए तो आपको सार्वभौमिक खाता संख्या (यूएएन) से जुड़ना होगा। यूएएन के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है। यूएएन एक्टीवेट होते ही आपका पीएफ और बैंक खाता लिंक होकर ऑनलाइन हो जाएगा। नेट बैंकिंग सुविधा से आनलाइन क्लेम भी ले सकते हैं।
डिजिटल इंडिया का फायदा भविष्य निधि के अंशधारकों को भी मिला है। केंद्र सरकार ने अंशधारकों की सहूलियत के लिए सार्वभौमिक खाता संख्या (यूएएन) लांच किया है। अंशधारकों के यूएएन से लिंक होते ही पीएफ दफ्तर से जुड़े कार्यों के लिए विभागीय और अफसरों के चक्कर लगाने की मुक्ति मिल जाएगी।
देशभर में अंशधारकों को यूएएन से जोड़ने का काम चल रहा है। इसके लिए अंशधारकों को पीएफ कार्यालय में अपने आधार कार्ड की डिटेल देनी होगी। साथ में बैंक खाते की जानकारी भी देनी होगी। आधार कार्ड की डिटेल नियोक्ता के माध्यम से दी जाएगी। इसमें आनॅलाइन एक फार्म में नियोक्ता और अंशधारक के डिजिटल हस्ताक्षर होंगे।
कुमाऊं में नौ लाख पीएफ खाते हैं। अंशधारक 1828 कंपनियों (नियोक्ताओं) से जुड़े हैं। इनमें एक लाख 65 हजार अंशधारकों का 1500 नियोक्ता प्रतिमाह पीएफ जमा करते हैं। आयुक्त कार्तिकेय सिंह के मुताबिक कुमाऊं में 365687 पीएफ खाते यूएएन से लिंक हो चुके हैं।
अंशधारक का यूएएन एक्टीवेट के बाद पीएफ खाते में अंशदान जमा होने की जानकारी मोबाइल में मैसेज के जरिए मिलती है। नौकरी छोड़ने और कंपनी बंद होने की स्थिति में अंशधारक को अपना पैसा निकालने के लिए नियोक्ता के चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी। विभागीय वेबसाइट में ऑनलाइन आवेदन करने पर अंशधारक के डिजीटल हस्ताक्षर से पीएफ का क्लेम उसके बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाएगा।