नैनीताल। जिला रेडक्रॉस सोसायटी नैनीताल के चुनाव 4 दिसंबर को हल्द्वानी में कराए जाने के मामले में दायर याचिका को हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया है। कोर्ट ने कमेटी को आदेश दिए हैं कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी के चुनाव तय तिथि 4 दिसंबर को ही कराएं।
न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी की एकलपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई। मामले के अनुसार हल्द्वानी निवासी रवि शंकर जोशी, नवीन सिंह राणा, एनके कांडपाल, अशोक सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि कोर्ट के आदेश के बाद जिला रेडक्रॉस सोसायटी का चुनाव 4 दिसंबर को होना है। चुनाव स्थल राज्य अतिथि गृह के शैले हॉल निर्धारित है। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि चुनाव हल्द्वानी में कराया जाए क्योंकि कमेटी में 1300 सदस्य है और नैनीताल में इतनी जगह नहीं है। याचिका में कहा गया कि नैनीताल पर्यटक स्थल है। कोविड काल भी है। जिस दिन चुनाव होने है वह वीकेंड का समय है। इसलिए चुनाव हल्द्वानी में ही कराए जाएं।