नैनीताल। शहर के बहुप्रतीक्षित वेंडिंग जोन का मामला अभी फाइलों में ही है। नगर पालिका की ओर से इसकी डीपीआर शासन को भेजी गई है। इसके सापेक्ष धन स्वीकृति के बाद ही स्थायी वेंडिंग जोन साकार हो सकेगा। इधर वेंडिंग जोन न बनने से टीवीसी सदस्यों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि पर्यटन नगरी तथा व्यापारियों के हित में इसका स्थायी समाधान शीघ्र होना चाहिए।
शहर के सबसे व्यस्ततम क्षेत्र पंत पार्क में बने अस्थायी वेंडिंग जोन का मुद्दा हमेशा चर्चाओं में रहा है। पालिका की ओर से इंद्र मार्केट, तिब्बती बाजार के पीछे न्यू पालिका बाजार, तल्लीताल नव निर्मित बस स्टैंड पर फड़ कारोबारियों को दुकान देने के बावजूद यहां पंत पार्क में फड़ कारोबारी बसे हुए हैं। इनमें पालिका की ओर से चिह्नित 121 के अलावा 200 से अधिक अन्य भी हैं।
हाईकोर्ट के आदेश के क्रम में पालिका ने मल्लीताल पुराने लकड़ीटाल में स्थायी वेडिंग जोन बनाने की योजना तैयार की है। इसके लिए दिसंबर 2024 में 4.07 करोड़ रुपये की डीपीआर बनाकर शासन को भेजी जा चुकी है। टीवीसी सदस्य जमीर अहमद, विजय कुमार ने पालिका से टीवीसी नियमावली के अनुरूप सत्यापन करने की मांग की है जिससे वेंडिंग जोन बनने पर पात्र को स्थल आवंटित किया जा सके। व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी व मारूति साह का कहना है नगर के जीएसटी, व्यावसायिक बिजली, पानी समेत अन्य का भुगतान कर कारोबार कर रहे व्यापारियों के हित में इस समस्या का समयबद्ध निस्तारण होना चाहिए।
स्थायी वेंडिंग जोन के लिए पालिका की ओर से शासन स्तर प्रस्ताव भेजा गया है। शासन स्तर पर वार्ता भी की जा रही है। धनराशि स्वीकृति के क्रम में स्थायी वेंडिंग जोन निर्माण के साथ ही पारदर्शिता से पात्र को दुकान देने की पहल की जाएगी। -डॉ.सरस्वती खेतवाल, पालिकाध्यक्ष