नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में सरकारी भूमि से अतिक्रमण खाली करते समय रोती महिलाएं। संवाद
नैनीताल। बीडी पांडे अस्पताल की भूमि पर हुए अतिक्रमण मामले में हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने पर सरकारी जमीन पर काबिज लोग बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी अपने आशियाने तोड़ते रहे। पूरे दिन अधिकारी व पुलिस मौके पर मौजूद रही। शनिवार से प्रशासन की ओर से चिह्नित 36 कब्जों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने बीडी पांडे अस्पताल की 2.76 एकड़ भूमि पर किए अतिक्रमण को खुद हटाने के लिए बुधवार को मुनादी की थी। इसके बाद अस्पताल की भूमि पर काबिज लोगों ने खुद ही अतिक्रमण तोड़ना शुरू कर दिया था। बृहस्पतिवार सुबह से ही मौके पर संयुक्त मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, एसडीएम प्रमोद कुमार, एसडीएम राहुल शाह के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस टीम मौजूद रही। तीनों सेक्टर में अधिकारियों की मौजूदगी में लोग खुद ही अपने घरों को तोड़ते नजर आए। प्रशासन ने लोगों को 60 मजदूर भी उपलब्ध कराए। एसडीएम प्रमोद कुमार का कहना है कि लोगों ने खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। दस से ज्यादा लोगों ने घर खाली कर दिया है। शनिवार से प्रशासन की टीम स्वयं अतिक्रमण हटाएगी।
घरों को टूटता देख छलके आंसू
नैनीताल। अपने घरों कोे उजड़ता देख उसमें सालों से रहने वाले बच्चे और महिलाओं की आंखें नम हो गईं। कई लोग घरों का सामान अन्यत्र ले जाते रहे। कई महिलाएं अधिकारियों के सामने घरों को बचाने की गुहार लगाते नजर आईं। इस दौरान अधिकारी भी लोगों को समझाते और सांत्वना देते नजर आए।