हल्द्वानी। उमसभरी गर्मी में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज से उपभोक्ताओं के पसीने छूट रहे हैं। सोमवार रात कमलुवागांजा बिजली घर में इनकमर की सीटी फट गई। इस कारण रात करीब 9:30 बजे गुल हुई बिजली देर रात 2:30 बहाल हुई। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से लामाचौड़, खीमपुर, भगवानपुर रोड, आरटीओ रोड के उपभोक्ता परेशान रहे।
विद्युत कटौती से विभिन्न इलाकों की लगभग 30 हजार की आबादी प्रभावित रही। इस दौरान इनवर्टर भी जवाब दे गए। गर्मी से बचने के लिए लोग देर तक छतों पर बैठने के लिए मजबूर रहे। गर्मी के बीच हवा का वेग भी कम रहा। कमलुवागांजा बिजलीघर से मंगलवार को फिर बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे उपभोक्ताओं का पारा और अधिक चढ़ गया है। रातभर की परेशानी के बाद उन्हें दिन में भी सुकून नहीं मिला। दोपहर एक से तीन बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इधर फूलचौड़ क्षेत्र में भी रात को कई बार विद्युत कटौती होने से लोग परेशान रहे। यूपीसीएल ग्रामीण के अधिशासी अभियंता वेगराज सिंह ने बताया कि लोड बढ़ने से कमलुवागांजा बिजली घर में इनकमर की सीटी फट गई थी। इस कारण विद्युत आपूर्ति ठप रही। कर्मचारी रातभर काम करते रहे। रात ढाई बजे विद्युत आपूर्ति सुचारु हुई।