ज्योलीकोट (नैनीताल)। वीरभट्टी स्थित बिष्ट स्टेट के आउट हाउस में मंगलवार दोपहर शार्ट सर्किट से आग धधक उठी। इससे आउट हाउस में रह रहे तीनों परिवारों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फायर ब्रिगेड करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची।
आउट हाउस में पूरन लाल, देव सिंह डांगी और महेश जोशी अपने परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार दोपहर 12 बजे आउट हाउस की ऊपरी मंजिल पर स्थित देव सिंह डांगी के आवास में शार्ट सर्किट से आग लग गई। करीब साठ साल पुराने भवन की छत लकड़ियों की बनी होने की वजह से कुछ ही देर में ऊंची लपटें उठने लगीं।
आसपास और गांव के लोग आग बुझाने में जुट गए। उन्होंने न सिर्फ 12 कमरों वाले इस भवन को आग की भेंट चढ़ने से बचा लिया, बल्कि सारा सामान भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना के दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, लेकिन देव सिंह डांगी के दो कमरे नष्ट हो गए। इधर, आग की सूचना पर पर ज्योलीकोट के चौकी प्रभारी मनवर सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ के कुमाऊं प्रभारी हरीश सती, तल्लीताल के थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
ज्योलीकोट (नैनीताल)। आउट हाउस में लगी आग की सूचना समय पर नैनीताल फायर ब्रिगेड को दे दी गई थी। इसके बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी को यहां पहुंचने में दो घंटे से अधिक का समय लगा, जबकि यहां से दूरी मात्र 18 किमी है। दमकल वाहन में महज 2400 लीटर पानी था। वह कुछ ही देर में खत्म हो गया। इस बीच हल्द्वानी से अतिरिक्त दमकल वाहन मंगाया गया, लेकिन वह भी रास्ते में ही खराब हो गया। बाद में हल्द्वानी से एक और दमकल वाहन भेजा
ज्योलीकोट (नैनीताल)। आग बुझाने में क्षेत्र के युवाओं के साथ महिलाएं भी जुटी रहीं। पारस रौतेला, हर्षित बिष्ट, जगत बिष्ट, कुंदन सिंह, कमल बिष्ट, अर्जुन नेगी, प्रकाश चंद्र, मोहम्मद सईद, रतन मल्ल, राहुल थापा, गणेश जोशी, पवन, भूपेंद्र पांडेय, नीरज मेहरा, अरुण नेगी, सचिन आदि ने सहयोग दिया।