हल्द्वानी/हल्दूचौड़। नलकूपों की मोटर खराब होने से हल्दूचौड़ दौलिया और हल्दूचौड़ बच्चीधर्मा की 380 एकड़ जमीन में धान की रोपाई नहीं हो पाई है। 22 दिन से खराब पड़ी नलकूप की मोटरों के दुरुस्त नहीं होने से मंगलवार को क्षेत्र के किसानों ने नलकूप खंड दफ्तर में धरना-प्रदर्शन किया। देर शाम को नलकूप दफ्तर में ही भजन कीर्तन और सुंदर कांड का पाठ शुरू कर दिया।
निवर्तमान प्रधान राधा कैलाश भट्ट की अगुवाई नलकूप खंड कार्यालय पहुंचे किसानों ने बताया कि 173 एचजी हल्दूचौड़ दौलिया और और 48 एचजी हल्दूचौड़ बच्चीधर्मा क्षेत्र के नलकूपों की मोटर पिछले 20 दिनों से खराब हैं। विधायक के सामने भी मामला उठाया गया। अधिकारियों ने तीन दिन में मोटर ठीक कर सिंचाई को पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया लेकिन कुछ नहीं हुआ। उन्होंने नलकूप खंड के ईई को दो टूक कहा कि वह दोनों नलकूपों की मोटर लिए बगैर धरना-प्रदर्शन समाप्त नहीं करेंगे। पूर्वाह्न 11 बजे से धरने पर बैठे ग्रामीणों ने शाम छह बजे से भजन कीर्तन और सुंदर कांड पाठ शुरू कर दिया।
धरना-प्रदर्शन करने वालों में कैलाश चंद्र भट्ट, रमेश चंद्र भट्ट, जगदीश चंद्र भट्ट, बंशीधर भट्ट, महेश जोशी, खीमानंद पांडे, प्रकाश फुलारा, भोला जोशी, सुरेश कार्की, हरीश सनवाल, दयाकृष्ण चोपड़ा, कमलापति चोपड़ा, कैलाश चोपड़ा, आनंद चोपड़ा, नंदकिशोर चोपड़ा, चंदन जोशी, रोहित जोशी, रमेश पांडे, राम दत्त, दिनेश, रोहित, नवीन, गिरीश, मनीष, कमल, जीवन सिंह, कमल, गणेश मिश्रा, सुधांशु, भुवन आदि मौजूद रहे।
कोट - 178 एचजी हल्दूचौड़ दौलिया के नलकूप के लिए मोटर उपलब्ध करा दी है। ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया है कि बुधवार को सुबह दूसरी मोटर भी उपलब्ध करा दी जाएगी। ग्रामीण दूसरी मोटर भी तत्काल उपलब्ध कराने पर अड़े हैं लेकिन तत्काल मोटर दुरुस्त कराना संभव नहीं है। बुधवार को दोनों मोटरें मौके पर पहुंचाकर नलकूपों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। - गोकर्ण सिंह टोलिया, अधिशासी अभियंता नलकूप खंड।
राजपुरा में पेयजल किल्लत, जलसंस्थान दफ्तर धमके लोग
हल्द्वानी। पेयजल किल्लत से परेशान राजपुरा 16 क्वार्टर क्षेत्रवासियों ने जलसंस्थान दफ्तर पहुंचकर ईई के समक्ष विरोध जताया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पेयजल लाइन नहीं होने से उन्हें 1200 मीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। उन्होंने इलाके के लिए नई पेयजल लाइन बिछाने की मांग की। ईई दफ्तर से ही उन्होंने विधायक डा. इंदिरा हृदयेश से भी दूरभाष पर वार्ता की। विधायक ने क्षेत्र के लिए नई पेयजल लाइन बिछाने के लिए दो लाख रुपये देने का आश्वासन दिया। जलसंस्थान के ईई से नई लाइन का प्रस्ताव भेजने को कहा। ईई विशाल सक्सेना ने बताया कि शीघ्र प्रस्ताव बनाकर विधायक को भेजा जाएगा और राजपुरा 16 क्वार्टर में लाइन बिछाई जाएगी।
यहां भी हाल जुदा नहीं
बनभूलपुरा नई बस्ती लाइन नंबर 18 वार्ड नंबर 26 में ताज मस्जिद के पीछे स्थित नलकूप की मोटर फुंक गई है। सामाजिक कार्यकर्ता उवैश राजा ने बताया कि लोगों को निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है।
-फुटकुआं, कुसुमखेड़ा होमगार्ड परिसर, नकायल और बसानी के नलकूप भी ठीक नहीं हो पाए हैं।
-हरिपुर नायक में पेयजल की लाइन चोक होने से भी लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है।
-गैस गोदाम रोड में चोक लाइन की मरम्मत के दौरान पेड़ की जड़ निकली।