हल्द्वानी। वार्ड-पांच पॉलीशीट के शांतिनगर क्षेत्र में सीवर लाइन खोदाई का काम अधूरा छोड़ने पर लोग भड़क गए और उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर नाराजगी जताई।
शांतिनगर के लोग रविवार को सड़क पर उतरे। उन्होंने एडीबी वित्त पोषित योजना के तहत सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का काम कर रही उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर पहुंचे कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों को खरीखोटी सुनाई।
कहा कि कई जगहों पर सीवर लाइन का काम अधूरा छोड़ दिया गया है। बारिश होने पर सड़क पर तालाब में तब्दील हो गई। उन्होंने जल्द काम पूरा करने की मांग उठाई। भाजपा नेता व स्थानीय निवासी विक्रम अधिकारी ने कहा कि पूर्व में भी कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया है।
इस दौरान नरेंद्र सिंह, दीवान सिंह चौहान, कांति बल्लभ जोशी, रूपा बिष्ट, कैलाश नैनवाल आदि मौजूद रहे।
नये वार्डों में सड़कों का किया पुनर्निर्माण : परियोजना प्रबंधक
हल्द्वानी। उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) की ओर से नगर निगम के नये वार्डाें में सड़कों के पुनर्निर्माण का काम किया जा रहा है। परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि वार्ड-35 में मल्ला प्लॉट, वार्ड-48 में सुरभि कॉलोनी एवं गायत्री कॉलोनी, वार्ड-49 में सनलाइट इन्क्लेव में सीसी मार्ग, वार्ड-54 नीलियम कॉलोनी, वार्ड-56 में प्रेम विहार, वार्ड-59 में नियर ड्रीम स्कूल एवं वार्ड 41 में श्रीराम कॉलोनी में हॉटमिक्स सड़क का निर्माण किया गया है। 41 किमी सड़कों पर सब सर्फेसिंग का काम पूरा कर लिया है। जल्द ही क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा।