फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उमस भरी गर्मी में पानी को तरस गए लोग, देवलचौड़, अंबा, शनि बाजार समेत पांच नलकूप चल रहे हैं खराब

विज्ञापन
विज्ञापन
हल्द्वानी। शनिबाजार, कुसुमखेड़ा, अंबा, देवलचौड़ और तत्ली बमौरी के नलकूपों की मोटर खराब होने से पेयजल आपूर्ति ठप है। शनिबाजार और कुसुमखेड़ा नलकूपों को खराब हुए एक हफ्ते से अधिक समय बीत गया है लेकिन अभी तक नलकूप ठीक नहीं हो सका है। पेयजल किल्लत से परेशान लोगों को रोजाना निजी टैंकरों से 700 से 800 रुपये में पानी खरीदना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जलसंस्थान के टैंकरों से भी मात्र एक दो बाल्टी ही पानी दिया जाता है। इधर, पेयजल आपूर्ति के वक्त अक्सर बिजली गुल हो जाने से भी कई नलकूप नहीं चल पा रहे हैं, जिस वजह से शहरवासी परेशान हैं। करीब 25 हजार की आबादी पेयजल किल्लत से परेशान है।
विज्ञापन

कुसुमखेड़ा क्षेत्र के मनोज कुमार, गिरीश चंद्र जोशी और महेश पांडे का कहना है कि विभागीय अधिकारी बिल वसूली में काफी तेजी दिखाते हैं लेकिन पेयजल आपूर्ति कराने में हमेशा उदासीन रहते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आरटीओ रोड, कुसुमखेड़ा, अंबा नलकूप, गैस गोदाम रोड समेत करीब पांच नलकूप हैं। एक नलकूप के खराब होने पर दूसरे नलकूप के पेयजल आपूर्ति की जाती है लेकिन इन दिनों अक्सर बिजली गुल होने से इन नलकूपों की आपूर्ति भी बाधित है।
शनिबाजार नलकूप खराब होने से फ्रेंड्स कालोनी, तल्ली हल्द्वानी, शनिबाजार समेत तमाम इलाकों में लोग पेयजल के लिए परेशान हैं। क्षेत्र के पार्षद रईस अहमद गुड्डू, खालिद हुसैन, नासिर अली, स्वाति गुप्ता समेत तमाम लोगों ने कहा है कि नलकूपों की मरम्मत नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
विज्ञापन

जलसंस्थान दफ्तर धमके लोग
हल्द्वानी। तल्ली हल्द्वानी क्षेत्र की सुयाल कालोनी, दुर्गा कालोनी, डी क्लास, खन्ना फार्म समेत तमाम कालोनियों में लंबे समय से पेयजल का संकट बना हुआ है। ग्रामीण कई बार जलसंस्थान के अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर ईई दफ्तर में तालाबंदी की चेतावनी दी।
तल्ली हल्द्वानी के पार्षद मनोज जोशी के नेतृत्व में जलसंस्थान दफ्तर पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि कई महीनों से इलाके में पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। विभाग टैंकर भी कभी कभार ही भेजता है। कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत के सामने मामला उठाने के बाद मंत्री ने जलसंस्थान के अधिकारियों को निर्देश भी दिए थे कि शीघ्र पेयजल लाइन बिछाई जाए लेकिन आज तक समाधान नहीं किया गया है।
पार्षद जोशी ने कहा कि इलाके में बुजुर्ग लोग टैंकरों से भी पेयजल की व्यवस्था करने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि 12 जुलाई तक पेयजल समस्या का समाधान नहीं होने पर ईई दफ्तर में तालाबंदी की जाएगी। इधर, क्षेत्र के अपर सहायक अभियंता पंकज उपाध्याय ने बताया कि एक पेयजल लाइन चोक है। अन्य कालोनियों के लिए जलनिगम विश्वबैंक परियोजना के तहत नई पेयजल लाइन का काम कर रहा है। चोक लाइन को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। जलसंस्थान के ईई संजय कुमार श्रीवास्तव ने आंदोलनकारियों से एक हफ्ते का समय देने की अपील की।
प्रदर्शन करने वालों में कमलेश भट्ट, प्रेमबल्लभ जोशी, पार्वती जोशी, इंदिरा जोशी, जया देवी, जानकी तिवाड़ी, बीना पाठक, राम सिंह बजेठा, प्रेमबल्लभ भट्ट, नीमा तिवारी, गंगा देवी, रमेश भट्ट, आनंद बोरा, गीता डोर्बी, सतीश पाठक, वंदना आदि मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें