हल्द्वानी। काठगोदाम में जंगल से सटे आबादी क्षेत्र में लगातार बिजली बाधित होने से लोग परेशान हैं। सुबह से शाम तक बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। लंबे समय तक बिजली गुल होने से इनवर्टर तक ठप हो जा रहे हैं।
विद्युत वितरण खंड शहर डिविजन की ओर से 11 केवी की केबल बदलने के लिए शटडाउन शेड्यूल जारी किया गया है। इसके तहत बीती आठ नवंबर से रानीबाग बिजलीघर से जुड़े गायत्रीनगर फीडर में भी विद्युतीकरण कार्य कराया जा रहा है। फीडर से जुड़े काठगोदाम के मल्ला ब्यूरा हीरागढ़ दिलीप सिंह, चांदमारी, न्यू कॉलोनी, आदर्श कॉलोनी, सोनकोट गांव में सुबह से शाम तक बिजली गुल हो रही है। इससे तीन हजार से अधिक की आबादी प्रभावित है। हीरागढ़ दिलीप सिंह निवासी कौशल जोशी के अनुसार बिजली विभाग की मनमानी चल रही है। सोमवार को भी शाम छह बजे के बाद बिजली सप्लाई बहाल हुई। कहा कि उनका घर जंगल से लगा हुआ है। शाम को बिजली न होने से जानवरों के आबादी में घुसने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कटौती तय समय के लिए ही की जानी चाहिए। यूपीसीएल ने गौलापार बिजलीघर के दानीबंगर क्षेत्र में भी काम कराया। वहां भी सोमवार दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे तक एक हजार उपभोक्ताओं की बिजली बाधित रही।