भीमताल (नैनीताल)। जिले में मनरेगा योजना में 7.36 करोड़ का बजट स्वीकृत नहीं होने से मनरेगा से जुड़े श्रमिकों और निर्माण सामग्री का भुगतान नहीं हो पाया है। इससे ग्राम प्रधानों की परेशानियां बढ़ गई है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में 7.7 करोड़ और वर्ष 2024-25 में 29 लाख की धनराशि स्वीकृत नहीं हो पाने से 7 हजार से अधिक विकास कार्यों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। जिले में मनरेगा योजना में 57620 परिवारों में 106023 श्रमिक जुड़े हुए हैं। डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी ने बताया कि मनरेगा योजना में बजट की स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद भुगतान कर दिया जाएगा। संवाद