नगर में मालिकाना हक की कार्रवाई को लेकर चलाए जा रहे बंदोबस्ती कार्य सर्वेक्षण के दौरान पटवारी द्वारा लोगों से रिश्वत मांगने पर लोगों ने जमकर हंगामा किया। लोगों ने पटवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामला बिगड़ता देख पटवारी द्वारा लिखित माफी मांगें जाने के बाद ही मामला शांत हुआ।
वहीं, राजस्व मंत्री यशपाल आर्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी पटवारी को सर्वेक्षण कार्य की जिम्मेदारी से तत्काल प्रभाव से हटाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन को पटवारी के विरुद्ध जांच कर निलंबन के आदेश भी दिए हैं। एसडीएम पंकज उपाध्याय ने मामले से संबधित दस्तावेज एकत्र कर विस्तृत रिपोर्ट डीएम को भेजी है।
लालकुआं में इन दिनों मालिकाना हक की कार्रवाई को लेकर बंदोबस्ती विभाग द्वारा सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है। शनिवार को वार्ड संख्या दो और रेलवे बाजार में बंदोबस्त पटवारी सलीम हुसैन ने अपने एक सहयोगी के साथ प्रेम रस्तोगी, पवन अरोरा, ललित भट्ट और कन्हैया लाल के घरों के सर्वे कार्य की कार्रवाई के दौरान रिश्वत मांगी। आरोप है कि पटवारी ने बगैर इसके कार्रवाई संभव न होने की बात कही।
इसके बाद आक्रोशित लोगों ने मामले की सूचना तहसीलदार भुवन चंद्र कांडपाल, नगर पंचायत अध्यक्ष रामबाबू मिश्रा और कोतवाल वीसी पंत को दी। मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाने वाले लोगों के बयान दर्ज कर पटवारी को पुलिस के हवाले कर दिया। मामला बिगड़ने पर पटवारी सलीम हुसैन ने लिखित में माफी मांगी, जिसके बाद पटवारी को छोड़ दिया गया।
बता दें कि लालकुआं के लोगों के द्वारा लंबे समय से भूमि के मालिकाना हक की मांग की जा रही थी। हाल ही में राजस्व मंत्री यशपाल आर्य द्वारा देहरादून में आयोजित अधिकारियों की बैठक में बंदोबस्त विभाग को 30 जून तक नगर में सर्वेक्षण कार्य पूरा कर सर्वे रिपोर्ट राजस्व विभाग देहरादून को प्रेषित करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत बंदोबस्त विभाग द्वारा नगर मेें सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा था।