रामनगर अस्पताल में हंगामा करते मृतक के परिजन।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। सरकारी अस्पताल में बुधवार को इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गई, जिस पर तीमारदारों ने हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने शव को मोचर्री में रख दिया। वहीं अस्पताल प्रशासन ने तीमारदारों पर नर्सों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार इंदिरा कॉलोनी उत्तरी खताड़ी निवासी मुकेश कुमार (25) पुत्री सुखलाल बुधवार दोपहर एक बजे पेट में दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा था। उसने डॉ. संदीप सोनी को उनकी ओपीडी में दिखाया, जिसके बाद डॉक्टर ने मुकेश को वार्ड में भर्ती करा दिया। इसके नर्सों ने डॉक्टर की ओर से लिखी दवाइयां देनी शुरू की। एक इंजेक्शन देने के बाद मरीज की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
इस पर तीमारदारों ने लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर एसआई वीरेंद्र बिष्ट, मनोज नयाल और सिमरन आदि मौके पर पहुंचे। मृतक की मां सरोज और भाई राकेश ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाया।
दूसरी ओर अस्पताल के प्रशासक राकेश ने तीमारदारों पर नर्सों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। वहीं मरीज का इलाज करने वाले डॉ. संदीप सोनी ने बताया कि मरीज डिहाईड्रेशन और गैस की समस्या से ग्रसित था और कमजोर था। मरीज की स्थिति को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती किया गया था।