हल्द्वानी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत सोमवार को हल्द्वानी ब्लॉक कार्यालय में ब्लॉक प्रमुख, ज्येष्ठ प्रमुख और कनिष्ठ प्रमुख पद के लिए नामांकन हुए। प्रमुख समेत तीनों पदों पर दो-दो प्रत्याशियों ने नामांकन कराया।
ब्लॉक कार्यालय में भाजपा से ब्लॉक प्रमुख के लिए अधिकृत प्रत्याशी कमलुवागांजा मेहता घुनी नंबर-1 से मंजू गौड़ ने रैली निकालकर समर्थकों के साथ नामांकन किया। इसके बाद भाजपा से बगावत कर मैदान में उतरे बच्चीनगर कुरियागांव सीट से विपिन पांडे की पत्नी मीना पांडे ने भी ब्लॉक प्रमुख के लिए नामांकन कराया। ज्येष्ठ प्रमुख के लिए वीरेंद्र सिंह मेहरा और राजेंद्र चंद्र दुर्गापाल ने नामांकन कराया। कनिष्ठ उप प्रमुख के लिए कमल सिंह भंडारी और गीतिका ने नामांकन कराया।
एआरओ राहुल शाह ने बताया कि 12 अगस्त को नाम वापसी और 14 अगस्त की सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा। इसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। संख्या बल के हिसाब से हल्द्वानी ब्लॉक प्रमुख बनने के लिए प्रत्याशी को 20 क्षेत्र पंचायत सदस्यों की जरूरत है। ब्लॉक क्षेत्र में पंचायत सदस्य की 39 सीटें हैं।
कालाढूंगी सीट पर भाजपा में फिर बगावती तेवर
हल्द्वानी। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मंजू के सामने मीना पांडे के उतरने से भाजपा हाईकमान की चिंता बढ़ गई है। हालांकि आज नाम वापसी का मौका है, ऐसे में देखना होगा कि भाजपा पदाधिकारी बागी बनकर मैदान में उतरीं मीना को मना पाती है या नहीं। कालाढूंगी विधानसभा सीट में डेढ़ माह में भाजपा में दूसरी बगावत देखने को मिली है। पहली बगावत पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में हुई थी। तब कालाढूंगी विधानसभा में रामणी आन सिंह सीट से भाजपा नेता प्रमोद बोरा की पत्नी छवि कांडपाल ने चुनाव लड़ा और भाजपा प्रत्याशी निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया को हराया। वर्तमान में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री विपिन पांडे की पत्नी मीना पांडे ने ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन कर दिया है। वह पत्नी को भाजपा का अधिकृत प्रत्याशी बनाना चाहते थे लेकिन पार्टी ने उन्हें दरकिनार कर दिया। टिकट नहीं मिलने से निराश विपिन पांडे ने सोशल मीडिया पर बगावती तेवर दिखाने शुरू कर दिए। पार्टी पदाधिकारियों के मनाने के बाद भी वह नहीं माने। मीना ने दावा किया कि उनके पास बहुमत है।