मंडलायुक्त अवनेंद्र सिंह नयाल ने कहा है कि अगले माह पिथौरागढ़ में होने वाली अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता कुमाऊं में पर्यटन को बढ़ावा देनेे में मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े पिथौरागढ़ जिला प्रशासन समेत विभिन्न विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह पूरे मनोयोग से इस प्रतियोगिता की तैयारियों में जुट जाएं।
गुरुवार को उत्तराखंड प्रशासन अकादमी ने पैरा ग्लाइडिंग प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में मंडलायुक्त नयाल ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता 14 मार्च से 19 मार्च तक पिथौरागढ़ में होगी।
प्रतियोगिता में भारत के अलावा यूक्रेन, रूस, नेपाल समेत विभिन्न देशों के प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में पंजीकरण के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है और अब तक 28 से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं।
आयुक्त ने कहा कि उत्तराखंड का नैसर्गिक सौंदर्य सैलानियों को खासा प्रभावित करता है। राज्य में पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिले और राज्य के पर्यटक स्थलों का देश के साथ साथ विदेशों में भी प्रचार प्रसार हो इसे देखते हुए ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता का आयोजन कराया जा रहा है।
आयुक्त ने आईटीबीपी के अधिकारियों से कहा कि इस प्रतियोगिता में जरूरत पड़ने पर आईटीबीपी के जवान रेस्क्यू अभियान में अहम भूमिका निभा सकते हैं। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर यहां हुई बैठक में कुमाऊं मंडल विकास निगम, आईटीबीपी, पिथौरागढ़ के सीडीओ, पुलिस, पर्यटन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में प्रतियोगिता के आयोजन स्थल, आयोजन का समय, तकनीकी सहयोग, सुरक्षा, रेस्क्यू, पंजीकरण, आवास, भोजन व्यवस्था, परिवहन समेत कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। आयुक्त ने सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में कुमविनि के प्रबंध निदेशक धीराज सिंह गर्ब्याल, पिथौरागढ़ के एसपी आरएल शर्मा, पिथौरागढ़ के सीडीओ वीके गोस्वामी, जिला पर्यटन अधिकारी भगवती टम्टा, विनोद वल्दिया, शंकर सिंह, आईटीबीपी के दम सिंह, पर्यटन प्रबंधक डीके शर्मा, एके जोशी, गिरधर मनराल आदि मौजूद थे।