भवाली(नैनीताल)। ग्राम पंचायत तिरछाखेत में बृहस्पतिवार दोपहर बाद बाघ दिखने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोगों की ओर से बाघ दिखाई देने की सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। जांच में पता चला की सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र का है। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि तिरछाखेत में बाघ दिखने कि सूचना पर वनकर्मियों की टीम को भेजा गया। वनकर्मियों ने गश्त शुरू की लेकिन बाघ का पता नहीं चला। जांच में वीडियो अल्मोड़ा जिले का होने का पता चला। उन्होंने कहा कि ऐसी भ्रामक सूचना फैलाने वालों को चिह्नित कर आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।