हल्द्वानी। स्कूल से बच्चों को घर ले जा रही एक निजी स्कूल की बस में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से बस के भीतर अफरातफरी मच गई। बच्चे घबराहट के कारण बस से बाहर निकलने का रास्ता ढूंढने लगे। स्कूल प्रबंधन और ठेके पर लिए गए बस मालिक की लापरवाही से अभिभावक आक्रोशित हैं।
सोमवार दिन में निजी स्कूल की बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। इस दौरान लाइन नंबर 17 मुजाहिद चौक पर बस में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। घटना की जानकारी लगने पर ड्राइवर ने बस को रोका। इस दौरान बच्चों के बीच अफरातफरी मच गई। शॉर्ट सर्किट से उठ रही चिंगारियां देख बच्चे घबरा गए। बच्चों को बस से बाहर निकाला गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
इधर, स्कूल में अपने बच्चे को पढ़ा रहे उवैस रजा ने बताया कि उनका बेटा इसी स्कूल में पढ़ता है। सोमवार दिन में छुट्टी के समय जब उनकी माता बच्चे को बस से घर लाने के लिए गई तो मुजाहिद चौक के पास बस खड़ी थी। शॉर्ट सर्किट के कारण बस के भीतर अफरातफरी मच गई। ड्राइवर और कंडक्टर ने शॉर्ट सर्किट ठीक किया तो आग बुझ गई। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन को इस बात का ध्यान रखना चाहिए।