नैनीताल। जिले के पंगोट-देचौरी मार्ग को वित्तीय स्वीकृति का इंतजार है। 4.44 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति जल्द मिली तो 18.2 किमी के पूरे मार्ग का कटान होकर यह कोटाबाग से मिल जाएगा। यह मार्ग कालाढूंगी से पंगोट आने के लिए लगभग 40 किमी की दूरी भी कम हो जाएगी जबकि मार्ग के बनने के बाद कालाढूंगी मार्ग से नैनीताल आने वाले पर्यटकों को भी वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा। मार्ग कटान के बाद दूसरे चरण में सुरक्षा दीवार व तीसरे चरण में डामरीकरण कार्य होना है।
बता दें कि पंगोट-देचौरी मार्ग निर्माण बहुप्रतीक्षित है। लोनिवि की ओर से 18.2 किमी मार्ग के कटान आदि के लिए आठ करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाया गया था। पूर्व में अवमुक्त हुए 3.56 करोड़ रुपये से 6.758 किमी सड़क का कटान हो चुका है। शेष 4.44 करोड़ रुपये से पूरे मार्ग का कटान होना है। हाल ही में इसे सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है जबकि वित्तीय स्वीकृति शासन स्तर पर लंबित है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना ने बताया कि वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद यह मार्ग कोटाबाग से जुड़ जाएगा। हालांकि दूसरे चरण में सुरक्षा दीवार व डामरीकरण कार्य होना है। इसके बाद ही मार्ग का पूर्ण उपयोग हो सकेगा।