फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्रामीणों को पानी पिलाएं एई, तभी मिलेगा वेतन

Thu, 23 Apr 2015 01:41 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, भ्ाीमताल
विज्ञापन
विज्ञापन
क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में डीएम दीपक रावत ने योजनाओं की सही जानकारी नहीं देने पर लघु सिंचाई विभाग की निर्माणाधीन सभी 21 योजनाओं की जांच सीडीओ को सौंपी। इसके अलावा लमजाला-बजुनिया-रानीबाग पेयजल योजना में 1250 मीटर पाइप लाइन बदलने में पुराने पाइप लगाने की शिकायत पर इसकी जांच डीडीओ को सौंपी। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, कृषि, पेयजल से संबंधित 168 समस्याएं उठी, जिसमें से अधिकांश का मौके पर निस्तारण करा दिया गया।
विज्ञापन


ब्लाक सभागार में हुई बैठक में डीएम ने बेल-नाईसिला पेयजल योजना से आधे गांव को पानी मिलने, तल्ला गेठिया में पेयजल लाइन के जगह-जगह टूटने, गांजा पेयजल लाइन के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर कहा कि जब तक उक्त पेयजल योजनाओं में पानी सुचारु नहीं होगा, तब तक सहायक अभियंता बीसी पाल का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा।
डीएम ने जून स्टेट पेयजल योजना विस्तार कार्य और भुमियाधार गेठिया पेयजल योजना को शीघ्र हस्तगत करने, रानीबाग में झूला पुल का निर्माण 15 दिन में पूरा कराने और दोगड़ा स्थित पुल का निर्माण 31 जुलाई तक कराने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


जनप्रतिनिधियों ने स्कूलों में जरूरी विषयों के शिक्षक न होने, नहरों और गूलों के क्षतिग्रस्त होने, झीलों की सफाई और सौंदर्यीकरण कराने की भी मांग की। बीडीसी सदस्य द्वारा मल्लीताल क्षेत्र में ड्रेन बी में कूड़ा डालने की जानकारी देने पर डीएम ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि ड्रेन बी को प्रदूषित करने वालों से पांच-पांच सौ रुपए जुर्माना वसूलें। विधायक दान सिंह भंडारी ने अधिकारियों को समस्याओं को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान डीएम ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर संतोष जताते हुए अधिकारियों की सराहना की।

अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख गीता बिष्ट ने दी। बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख अनिल चनौतिया, कनिष्ठ प्रमुख सोनू बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य डा. हरीश सिंह बिष्ट, गणेश मेहरा, ग्राम प्रधान संगठन (प्रथम) के अध्यक्ष हरीश चंद्र जोशी उर्फ राहुल, ग्राम प्रधान संगठन (द्वितीय) के अध्यक्ष हिमांशु पांडे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

स्कूल के निरीक्षण में दुरुस्त मिलीं व्यवस्थाएं
क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक के दौरान सांगुड़ीगांव की प्रधान ललिता सांगुड़ी ने राजकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय के शौचालयों में हमेशा ताले लगे रहने की शिकायत की। दोपहर बाद डीएम दीपक रावत उक्त स्कूल पहुंच गए। प्राथमिक स्कूल में सभी व्यवस्थाएं ठीक मिलीं, जबकि जूनियर स्कूल के शौचालय में जल संयोजन नहीं मिला, जिस पर डीएम ने बीईओ शीघ्र जल संयोजन जोड़ने के निर्देश दिए।

15 दिन में सांगुड़ीगांव रोड से हटाएं अतिक्रमण
सांगुड़ीगांव क्षेत्र के भ्रमण के दौरान डीएम ने डांठ से सांगुड़ीगांव को जाने वाली रोड से दोनों ओर हुए अतिक्रमण को देख अतिक्रमणकारियाें को 15 दिन में स्वयं अतिक्रमण हटा लेने के निर्देश दिए। कहा कि यदि इस अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान भी किया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें